उरई, 24 सितंबर ।उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने बुधवार को जालौन में नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधार कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कुछ वस्तुओं पर जीएसटी दरें घटाए जाने को ऐतिहासिक बताया। वहीं, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आजम खान की रिहाई को लेकर कहा कि विपक्ष अपराधी की रिहाई को लेकर जश्न मना रहा है।
बता दें कि राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार उरई के रानी लक्ष्मीबाई सभागार एक जीएसटी रिफॉर्म को लेकर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया जिसमें उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहली सरकार है, जिसने उत्पादों पर करों को घटाया है। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारें केवल कर बढ़ाती थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दरें कम करने का निर्णय लिया है। इससे व्यापारियों और आम लोगों को लाभ मिलेगा। अदालत के निर्णय का सभी को सम्मान करना होगा। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की रिहाई के सवाल पर गंगवार ने कहा कि विपक्ष अपराधी के रिहाई होने पर जश्न मना रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले देश में राजा की सरकार हुआ करती थी। कांग्रेस शासन में प्रधानमंत्री राजा होता था लेकिन अब कामदारों की सरकार है। जीएसटी दरों में कटौती से त्योहारी सीजन में 140 करोड़ लोगों को राहत मिलेगी। यह सरकार किसानों, व्यापारियों और आम जनता की भलाई के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और व्यापार को गति मिलेगी।
